गोपेश्वर। यहां पुलिस मैदान में बुधवार से शुरू हुई राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में पौड़ी ने टिहरी को 2-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह ने किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच पौड़ी और टिहरी के बीच खेला गया जिसमें पौड़ी ने 2-1 से टिहरी को पराजित किया। विजेता टीम की ओर से शिवम ने 12वें और 47वें मिनट में दो गोल दागे, जबकि पराजित टीम की ओर से एकमात्र गोल अतुल राणा ने मैच के 21वें मिनट में दागा। दूसरे मैच में बागेश्वर और हरिद्वार के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें हरिद्वार ने 3-0 से मैच जीत लिया। हरिद्वार की ओर से राहुल वर्मा, ऋषि व राहुल राठी ने 21वें, 26वें व 42वें मिनट में एक-एक गोल दागे। जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में राज्य की तेरह टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इस मौके पर उत्तराखंड फुटबाल एसोसिएशन के रेफरी नवीन कुंवर, तनवीर अहमद, राकेश रावत, अखिलेश मंडल, शिवा चौधरी, जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष बदरी प्रसाद भट्ट, प्रमोद बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी गणेश प्रसाद थपलियाल, अशोक रावत, शिवचरण सिंह, अन्नू भंडारी आदि मौजूद थे।