पोखरी। मोहनखाल के व्यवसायियों ने जिला पंचायत की ओर से वसूले जा रहे टैक्स को देैने से साफ इनकार किया है। व्यापारियों का कहना है कि जब सुविधाएं ही नहीं तो टैक्स किस बात का दें। उन्होंने सुविधाएं मिलने के बाद ही जिला पंचायत को टैक्स देने का निर्णय लिया है। व्यवसायियों ने जिला पंचायत के कर्मचारियों के समक्ष अपना आक्रोश प्रकट किया और टैक्स वसूली का विरोध किया है।
छोटे बाजारों में जिला पंचायत व्यवसायियों से टैक्स वसूलती है। इसके एवज में बाजारों में सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं, लेकिन मोहनखाल बाजार में शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई का बुरा हाल है। बाजार में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है। व्यवसायी देवी प्रसाद थपलियाल, दीपक थपलियाल, कुंवर सिंह, अमर सिंह बिष्ट, जयपाल सिंह और सतेश्वरी देवी का कहना है कि जिला पंचायत की ओर से टैक्स वसूली की जा रही है, लेकिन सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। बाजार में कूड़ेदान तक नहीं हैं। पीने के पानी के लिए व्यवसायियों को भटकना पड़ रहा है। व्यवसायियों का कहना है कि बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट और जिला पंचायत उपाध्यक्ष लखपत बुटोला इसी क्षेत्र से हैं। बावजूद इसके बाजार में सुविधाओं का अभाव है। इधर, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी शाह ने कहा कि मोहनखाल बाजार में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही कूड़ेदान और साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।