जोशीमठ। बड़ागांव, मेरग, सेलंग और पैनी के ग्रामीणों ने बुधवार को वार्ता के लिए जोशीमठ पहुंचे बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट को काले झंडे दिखाकर विरोध किया। ग्रामीण राज्य सरकार से गांवों को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल न करने सहित चार सूत्री मांगों को लेकर 24 दिनों से आंदोलनरत हैं, लेकिन विधायक की ओर से मांगों की अनदेखी की जा रही है।
बुधवार को दोपहर में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ग्रामीणों से वार्ता करने ब्लॉक सभागार जोशीमठ पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें काले झंडे दिखाकर शासन-प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। इस पर विधायक बिना ग्रामीणों से वार्ता के ही बैरंग लौट गए। पैनखंडा संघर्ष समिति के संरक्षक भरत सिंह कुंवर का कहना है कि क्षेत्रीय विधायक की ओर से लगातार ग्रामीणों की मांगों को अनदेखा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख ठाकुर सिंह राणा, विक्रम सिंह भुजवाण, सुभाष डिमरी, सुखदेव सिंह, शिशुपाल भंडारी, कुशल कम्दी, नरेंद्र सिंह, महादीप पंवार, धर्मेंद्र नेगी, मनमोहन सिंह, उर्मिला फरस्वाण, उमा राणा, हेमा देवी, कुसुम कम्दी, भुवनेश्वरी, मीना और माली देवी आदि मौजूद थे।