---------------
ग्वालियर से लापता दो लड़कियां तपोवन से बरामद
-- 29 अगस्त को गुस्से में छोड़कर आई थी युवतियां
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। मध्यप्रदेश स्थित ग्वालियर से 29 अगस्त से लापता एक किशोरी और युवती को मुनिकीरेती पुलिस ने तपोवन से बरामद किया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर बाजार से दोनों को पकड़ा है। इस बाबत ग्वालियर पुलिस और उनके परिजनों को सूचित कर दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तपोवन बाजार में एक युवती और किशोरी के संदिग्धावस्था में घूमने की सूचना स्थानीय लोगों ने दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी दोनों को पकड़कर थाने ले आए।
पूछताछ में युवती और किशोरी ने बताया कि परिजनों की टोकाटाकी से वह परेशान थे। गुस्से में आकर वह घर से भाग आईं। इससे पहले वह दोनों सहारनपुर और अन्य इलाकों में भी रहीं। पुलिस ने नाम-पते के आधार पर ग्वालियर थाना क्षेत्र की पुलिस से संपर्क किया, तो पता चला कि दोनों की गुमशुदगी परिजनों ने 29 अगस्त को ग्वालियर थाने में दर्ज कराई थी। उपाध्याय ने बताया कि किशोरी और युवती के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।