अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
न्यू विष्णु गार्डन एवं अरिहंत विहार के निवासियों ने ग्राम पंचायत में शामिल करने का विरोध किया है। उन्होंने डीएम से मिलकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपने क्षेत्र को नगर निगम हरिद्वार में शामिल करने की मांग उठाई है।
मंगलवार को न्यू विष्णु गार्डन और अरिहंत विहार के दर्जनों लोग जिलाधिकारी दीपक रावत से मिले और उनके सम्मुख अपनी समस्या उठाई। विकास समिति के अध्यक्ष धर्मानंद कंडवाल ने डीएम को अवगत कराया कि दोनों कालोनियों के निवासियों ने विधान सभा क्षेत्र हरिद्वार में मतदान किया। लेकिन उनके क्षेत्र को नगर निकाय या ग्राम पंचायत चुनाव से बाहर रखा जाता है और उनका मतदान किसी भी क्षेत्र में नहीं होता। इस मुद्दे को लेकर वह शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से मिले और क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने की मांग उठाई। मंत्री ने उन्हें क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने का आश्वासन दिया। मंत्री की पहल पर उनके क्षेत्र को नगर निगम में प्रस्ताव पारित करते हुए शामिल करने का कार्य हुआ, लेकिन अब शासन स्तर से यह मामला फिर से लटक गया है। सूचना मिल रही है कि उनके क्षेत्र को जगजीतपुर ग्राम पंचायत से जोड़ने का काम किया जा रहा है, इससे कालोनी के निवासी मायूस हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में एके शर्मा, सुरेंद्र सिंह असवाल, त्रिलोक सिंह रावत, जीत सिंह बिष्ट, वीके शर्मा आदि शामिल हुए।
जोगेंद्र मावी