अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
राजकीय उचित दर विक्रेता एसोसिएशन से जुड़े राशन डीलरों ने एपीएल राशन कार्ड धारकों को सब्सिडी सीधे बैंक में देने का विरोध करते हुए धरना- प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि राज्य सरकार ने उनका विकल्प ढूंढा तो वे उग्र आंदोलन के साथ इसका विरोध करेंगे।
मंगलवार को राशन डीलरों ने तीसरे दिन भी अपनी दुकानें बंद रखते हुए राजकीय गोदाम पर धरना- प्रदर्शन जारी रखा। धरना स्थल पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बीडी जोशी व संयोजक रमेश चंद्र पांडे की मुख्यमंत्री से वार्ता विफल रही है। उन्होंने कहा कि अब हड़ताल के अलावा उनके पास कोई रास्ता नहीं बचा है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने उनके साथ धोखा किया है, इससे पूरे प्रदेश के राशन डीलर बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने राज्य सरकार को चेताया कि उनके हितों की अनदेखी करने पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत राशन वितरण करने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप अग्रवाल, रामेश्वर पांडे, शिवकुमार आर्य, मुकर्रम अली, कृष्ण सेठ, कपिल अरोड़ा, मनमोहन भगत, चरणजीत परमार, विमल जैन, महेश साहू, कांता प्रसाद, सतेंद्र कुमार, राजवीर सिंह, कमल शर्मा, योगेश शर्मा, सुरेश सैनी, रामकिशन, विशाल सैनी, सुरेंद्र रैना, संतोष भाटिया, सुरेश गुप्ता, सचिन राही, नीलम भटनागर, नाथीराम सैनी, संजय गुप्ता, करनपाल सिंह, राजवीर सैनी आदि शामिल हुए।
उपभोक्ता रहे परेशान
सरकारी राशन महीने के पहले सप्ताह में वितरित होना शुरू हो जाता है, लेकिन दुकानें बंद होने से राशन लेने के लिए उपभोक्ता भटकते रहे। दुकानों पर पहुंचे कार्ड धारक राजेश कुमार ने बताया कि दो दिन से राशन लेने आ रहे हैं, लेकिन दुकान बंद होने से लौटना पड़ रहा है। कई कार्ड धारक खाद्य विभाग के कार्यालय पर पहुंचे, लेकिन वहां पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। कर्मचारी दो- चार दिन में राशन वितरण कराने की बात कह रहे हैं।
डीलरों ने पहले ही उठा लिया था स्टॉक
एपीएल राशन कार्ड धारकों को राशन की सब्सिडी का रुपया उनके खाते में डाले जाने के शासनादेश पर डीलरों ने एक अक्तूबर से हड़ताल की चेतावनी दी थी, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने अक्तूबर का पूरा राशन उठा लिया। अब हड़ताल के दौरान सरकारी गोदाम पर धरने पर बैठे डीलरों ने वरिष्ठ विपणन निरीक्षक एमए रजा से मिलकर अब किसी डीलर को राशन नहीं देने की मांग उठाई। निरीक्षक एमए रजा ने उनकी मांग ठुकराते हुए कहा कि उनके पास जो भी डीलर आएगा तो उसे राशन दिया जाएगा।