अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
शांतिकुंज ने श्रृंखलाबद्ध आयोजनों को संपन्न कराने के लिए पांच सदस्यीय नौ टोलियां विदा की। ये टोलियां नदियों की अविरलता व स्वच्छता, आदर्श ग्राम विकास योजना और यज्ञ आदि सहित विविध कार्यक्रमों का संचालन करेंगी।
टोलियों को विदा करते हुए संस्था की प्रमुख शैलदीदी ने कहा कि इन दिनों संपूर्ण समाज गायत्री परिवार की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है। उनकी आशा और अपेक्षाओं के अनुरूप हम सबको मनोयोग के साथ काम करना है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को तराशना और उन्हें रचनात्मक दिशा की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। युवा शक्ति के जागरण से ही राष्ट्र का जागरण संभव है। उन्होंने पावन अविरल निर्मल गंगा पर आधारित कार्यक्रमों में गति लाने का भी निर्देश दिया।
कार्यक्रम विभाग समन्वयक आनंद मिश्रा ने बताया कि ये टोलियां उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में निर्धारित चार, तीन और ढाई दिवसीय कार्यक्रमों का संचालन करेंगी। लोगों को गंगा की अविरलता के लिए प्रेरित करेंगी, साथ ही जलस्रोतों की सफाई अभियान के लिए भी कार्य करेंगी। आनंद मिश्रा ने बताया कि पूर्व निर्धारित आदर्श ग्राम विकास योजना, युवा जागरण, श्रद्धा संवर्धन के लिए विविध यज्ञ आयोजनों का संचालन किया जाएगा। अप्रैल के पहले सप्ताह तक तीन सौ पचास से अधिक विविध आयोजनों का संचालन कर लौटेंगी। उन्होंने बताया कि श्याम बिहारी दुबे, सुनील शर्मा, संदीप पांडेय, डा. भगवान सिंह, दिनेश भाई व्यास, योगेश शर्मा, राजकुमार भृगु, शशिकांत सिंह के नेतृत्व में टोलियां रवाना हुईं। इस अवसर पर शांतिकुंज के कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर टोलियों को विदाई दी।