स्वर्गाश्रम व लक्ष्मणझूला में पानी की बढ़ी किल्लत
-- करोड़ों की लागत से बनी इंफिल्ट्रेशन वेल योजना से भी फायदा नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
करोड़ों की लागत से बनी स्वर्गाश्रम पेयजल योजना (इंफिल्ट्रेशन वेल) के बावजूद अंतरराष्ट्रीय आवाजाही वाले तीर्थ व पर्यटक स्थल स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला में देश दुनिया के सैलानी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। इन दिनों क्षेत्र में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। इसके बावजूद लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र में सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट व घरों में पेयजल सप्लाई कई दिनों से बाधित चल रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित रूप से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। इसकी वजह नगर पंचायत जौंक के अंतर्गत संचालित पेयजल इंफिल्ट्रेशन वेल योजना के पंप हाउस पर एक पंप का बंद होना बताया जा रहा है।
लक्ष्मणझूला निवासी देवेंद्र पयाल, दीपक अग्रवाल, स्वर्गाश्रम निवासी राकेश कुमार, सुभाष चंद्र आदि ने बताया कि क्षेत्र में अक्सर सार्वजनिक स्टैंड पोस्टों पर जलापूर्ति बाधित रहती है। विभाग सुबह व शाम के समय कुछ टाइम तक जलापूर्ति करता है जबकि दोपहर के समय स्टैंड पोस्ट सूखे रहते हैं, जिससे दिन भर यात्रियों को प्यासा भटकना पड़ता है। लिहाजा उन्हें मजबूरी में दुकानों से बोतल बंद पानी खरीदकर पीने को विवश होना पड़ रहा है। टूरिस्ट प्लेस होने के बावजूद जलसंस्थान द्वारा स्टेंड पोस्टों पर हर समय पानी की उपलब्धता की बजाए पूरे दिन में महज एक से दो घंटे ही जलापूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि घरेलू कनेक्शनों पर भी विभागीय स्तर पर निर्धारित समय से कम सप्लाई दी जा रही है।