कीर्तिनगर। क्षेत्रीय युवाओं में खेल की भावना जागृत करने व प्राचीन सिद्धपीठ ढुंडेश्वर महादेव मंदिर को पर्यटन व तीर्थाटन के रूप में विकसित करने के लिए 8 किमी मैराथन दौड़ आयोजित की गई। दौड़ को क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने हरी झंडी दिखाकर स्यालसौड़ से रवाना किया।
सोमवार को विकास खंड कीर्तिनगर के धारीढुंडसिर के स्यालसौड़ से ढुंडेश्वर महादेव मंदिर तक मैराथन दौड़ आयोजित की गई। आयोजित दौड़ की पुरुष वर्ग में श्रीनगर के राजीव लमूरी प्रथम व सौरभ पटवाल द्वितीय तथा सीतापुर (यूपी)के अमित वर्मा तीसरे स्थान पर रहे। ढुंडसिर जनकल्याण विकास समिति के अध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह चौहान ने बताया कि दौड़ में प्रतिभाग के लिए विभिन्न जिलों के 230 प्रतिभागियों ने पंजीकरण किया था। जिसमें 80 प्रतिभागी ही मैराथन दौड़ में प्रतिभाग कर पाए। चौहान ने बताया कि क्षेत्र में इस प्रकार के कार्यक्रम का मुख्य ध्येय युवाओं में खेल की भावना का विकास करना है। इस मौके पर विजेताओं को क्षेत्रीय विधायक व समिति की ओर से सम्मानित किया गया। पूर्व ब्लाक प्रमुख बिजयंत सिंह निजवाला, जिला पंचायत सदस्य विपिन पंवार, अजयपाल पंवार, संजय चौहान, अवतार सिंह, दिगंबर उनियाल, राजेन्द्र रावत, नरेंद्र कुंवर आदि इस दौरान मौजूद रहे।