श्रीनगर। शुक्रवार को मलेथा में बस-स्कूटी की टक्कर हो गई, जिसमें स्कूटी सवार दो पुरुष और एक महिला चोटिल हो गए। चोटिल लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार को देवप्रयाग तहसील के भंडाली गांव निवासी यशपाल, अनूप व रेशमा स्कूटी से श्रीनगर से देवप्रयाग की ओर जा रहे थे। बदरीनाथ हाईवे पर मलेथा में विपरीत दिशा से आ रही बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बस चालक रुका नहीं और आगे निकल गया। दुर्घटना में तीनों चोटिल हो गए। तीनों को 108 वाहन से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग के अनुसार तीनों की स्थिति सामान्य है। उनका उपचार चल रहा है। इधर, कोतवाल कीर्तिनगर चंदन सिंह चौहान ने बताया कि अभी मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। शक के आधार पर एक बस को रोका गया है।