कर्णप्रयाग। जयकंडी-मैखुरा मोटर मार्ग से जुड़े गांव लोनिवि गौचर की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। इस बरसात में कई जगह मलबा आने से सड़क दो माह से बंद है, जिससे लोगों को तीन से सात किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने सड़क से जल्द मलबा न हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ब्लाक के धोल्याण, ग्वाड़, बणसोली, आमसोड़, सेरागाड़ सहित मैखुरा और कांडा गांवों को जोड़ने वाली सड़क जयकंडी-मैखुरा दो माह से बंद हैं। मैखुरा के जगदंबा प्रसाद मैखुरी, अयोध्या प्रसाद, क्षेत्र पंचायत सदस्य दमयंती देवी, प्रधान राकेश लाल, जितेंद्र कुमार, बणसोली के संदीप खंडूड़ी, ग्वाड़ के सुशील ध्यानी आदि ने बताया कि लगातार शिकायत के बाद दो सप्ताह से विभाग मार्ग खोलने के लिए जेसीबी तो भेज रहा है, लेकिन बणसोली से सेरागाड़ के बीच का मलबा दो सप्ताह में भी हटाया गया है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क खोले जाने की मांग की। वहीं लोनिवि गौचर के ईई केएस राणा ने बताया कि सड़क पर अभी नई कटिंग की गई है, जिसके चलते बारिश से भारी मलबा आया है। सड़क खोलने के लिए जेसीबी लगी हुई है। जल्द ही पूरा मलबा हटा दिया जाएगा।