अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
पर्यटन विभाग ने युवाओं को रोजगार मुहैया कराने की तैयारी की है। अब पर्यटन विभाग युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से गाइड का कोर्स कराएगा। जिससे युवा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को गाइड के माध्यम से हरिद्वार दर्शन करा सकेंगे।
हरिद्वार में विदेशी सैलानियों की संख्या पहले की अपेक्षा बढ़ी है। विदेशी सैलानी हरिद्वार आते तो हैं, लेकिन ठीक से मार्गदर्शन नहीं मिलने से वे ठीक से शहर के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी नहीं पाते। ऐसे में पर्यटन विभाग ने हरिद्वार में गाइड का प्रशिक्षण कराने की निर्णय लिया है। अब तक नैनीताल, रानीखेत और अल्मोड़ा के युवा ही इस योजना से जुड़े हैं। अब जल्द ही हरिद्वार में भी इस योजना को लागू करने की तैयारी की जा रही है। इस योजना के लागू होने से हरिद्वार के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद जगेगी।
प्रभारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल सिंह ने बताया कि इस योजना में हरिद्वार के स्थायी निवासी को ही गाइड का कोर्स कराया जाएगा। इसके लिए उन्हें स्थायी निवास प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा। इस कोर्स में तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले चरण में 30 अभ्यर्थयों को इसमें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ग्वालियर के प्रोफेसर देंगे प्रशिक्षण
युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए ग्वालियर के विशेष पर्यटन प्रशिक्षण कालेज के प्रोफेसर बुलाए जाएंगे। प्रोफेसर गाइड को बताएंगे की यात्री को कहां कहां घुुमाना है। इसके लिए प्रोफेसर पहले हरिद्वार के पूूरे इतिहास की जानकारी लेंगे और फिर युवाओं को प्रशिक्षण देंगे।
पर्यटन दिवस पर विशेष छूट
हरिद्वार(ब्यूरो)। बुधवार को होने वाले विश्व पर्यटन दिवस को लेकर पर्यटन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली थी। पर्यटन दिवस पर यात्रियों को लुभाने के लिए पर्यटन विभाग ने अपने अतिथिगृहों में 25 फीसदी छूट देने का फैसला लिया है।