श्रीनगर। शहर में 15 दिसंबर से मांगल गीतों की गूंज सुनाई देगी। उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहरों को बचाने में जुटा अदिति स्मृति न्यास इस बार भी श्रीनगर में प्रदेश स्तर की मांगल गीत प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। 2 अक्तूबर से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आन लाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी।
शहर में 15 से 20 दिसंबर तक राज्य स्तरीय मांगल गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश भर की लगभग 100 टीमों के प्रतिभाग करने की संभावना है। प्रतिभागियों की संख्या को देखते हुए इस बार 4 के बजाय छह दिन प्रतियोगिता चलेगी। शुरुआती 3 दिन क्षेत्रीय स्तर की टीमों (श्रीनगर, कीर्तिनगर सहित आसपास के क्षेत्र) में मुकाबला होगा। जबकि दो दिन अन्य जिलों की टीम के मुकाबले होंगे। अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे।
मंगलवार को अदिति स्मृति न्यास के सचिव गिरिश चंद्र पैन्यूली और गढ़वाल विश्वविद्यालय के लोक संस्कृति निष्पादन केन्द्र के प्रवक्ता डा. संजय पांडेय ने पत्रकारों के समक्ष कार्यक्रम की रूपरेखा रखी। उन्होंने बताया कि 2 अक्तूबर से ऑन लाइन आवेदन पत्र मिलने लगेंगे। 5 दिसंबर तक ऑफ लाइन और ऑन लाइन आवेदन पत्र आवंटित होंगे। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 8 दिसंबर रखी गई है।
............
यह है कार्यक्रम
15 से 17 दिसंबर तक क्षेत्रीय टीमों के मुकाबले होंगे। इनमें से 10 टीम सेमीफाइनल के लिए चुनी जाएंगी।
जबकि 18 और 19 दिसंबर को अन्य जिलों की टीमों के बीच मुकाबला होगा। इनमें से भी 10 टीम चुनी जाएंगी। उक्त 20 टीम 20 दिसंबर को सेमीफाइनल में भिडेंगी। इन टीमों में फाइनल के लिए 10 सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन होगा और फिर इसी दिन 10 में से सर्वश्रेष्ठ तीन टीम चुनी जाएंगी।
..........
अदिति स्मृति न्यास के सचिव गिरिश चंद्र पैन्यूली बताया कि प्रथम स्थान पर आने वाली टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि द्वितीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 41 हजार और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। बताया कि प्रदेश के संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज के आने कार्यक्रम में आने की संभावना है।