जोशीमठ। सात सालों से भूमि का मुआवजे न देने से गुुुस्साए चांई गांव के ग्रामीणों ने मारवाड़ी-थैंग मोटर मार्ग के बीचों-बीच पत्थरों की दीवार खड़ी कर सड़क का रास्ता ही बंद कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क कटिंग के लिए अधिग्रहित की गई भूमि का मुआवजा नहीं दिया गया, तब तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही नहीं होने दी जाएगी। सड़क बंद होने से मंगलवार को थैंग गांव के ग्रामीणों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ी। उन्होंने एसडीएम से वार्ता कर सड़क खुलवाने की मांग की।
मंगलवार को चांई गांव के ग्रामीण मवाधार व रिखवाड़ा तोक में इकट्ठा हुए और यहां सड़क के बीचों-बीच पत्थरों की दीवार खड़ी कर दी। प्रभावित कुशल सिंह राणा, महेंद्र सिंह, पुष्कर सिंह और उर्मिला देवी ने कहा कि वर्ष 2010 में पीएमजीएसवाई की ओर से बीस किलोमीटर मारवाड़ी-थैंग मोटर मार्ग के लिए ग्रामीणों की निजी भूमि अधिग्रहित की गई, लेकिन भूमि का मुआवजा आज तक नहीं दिया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। कहा कि कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराने पर भी मुआवजे का वितरण नहीं हो पाया है। वहीं, थेंग गांव के ग्रामीणों ने एसडीएम जोशीमठ परमानंद से भेंट कर शीघ्र सड़क को खुलवाने की मांग उठाई। एसडीएम ने कहा कि बुधवार को पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर ग्रामीणों की समस्या का निस्तारण किया जाएगा। जल्द ही सड़क खुलवा दी जाएगी। वहीं पीएमजीएसवाई के ईई राजकुमार का कहना है कि ग्रामीणों से मुआवजे को लेकर वार्ता की जाएगी। जल्द ही प्रभावितों को मुआवजे का भुगतान कर दिया जाएगा।