श्रीनगर। प्रगतिशील जन मंच ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। प्रजम का आरोप है कि अधिशासी अभियंता सरकारी कार्य में अवहेलना कर रहे हैं।
मंगलवार को प्रजम ने एनएच खंड के अधिशासी अभियंता के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। प्रजम के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 119 पर पौड़ी चुंगी के समीप करीब 150 मीटर सड़क धंस रही है। धसने वाले स्थान पर ही एनएच विभाग ने कई दिनों से एक ट्रक भी पार्क किया हुआ है, जिससे स्थिति और खराब हो रही है। स्वामी ने बताया के पौड़ी चुंगी के समीप ही एनएच खंड ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक साइन बोर्ड लगाया है। जो कि यात्रियों को गलत सूचना दे रहा है। इससे यात्री राह भटक रहे हैं। पूर्व में आयोजित तहसील दिवस पर एडीएम पौड़ी व एसडीएम श्रीनगर ने एनएच खंड को इन बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। प्रजम की ओर से दी गई तहरीर में एनएच खंड के अधिकारियों पर समुचित धाराओं में केस दर्ज किए जाने की मांग की गई है। वहीं अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि धंसाव वाले क्षेत्र का जियोलॉजिकल सर्वे किए जाने के लिए भूवैज्ञानिक आमंत्रित किए गए है। साइन बोर्ड को जल्द बदले जाने की बात कही है। ब्यूरो