श्रीनगर। विकास खंड पौड़ी की ग्राम पंचायत उफल्डा को नगर पालिका क्षेत्र मेें शामिल करने के मामले में ग्रामीणों के दो फाड़ हो गए हैं। जहां पुराने उफल्डा गांव के निवासी नगर पालिका का विरोध कर रहे हैं। वहीं, नई बस्ती शिवांचल कॉलोनी के निवासी नगर पालिका के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने डीएम को ज्ञापन भेजकर शासन के निर्णय का स्वागत किया है।
शासन की ओर से श्रीनगर नगर पालिका का विस्तार किया जा रहा है, जिसमें श्रीनगर के निकटवर्ती गांवों को पालिका क्षेत्र में शामिल किया जा रहा है, लेकिन ग्राम पंचायत उफल्डा की ओर से इसमें विरोध के सुर उठ गए। स्थानीय निवासियों ने एक हफ्ते पूर्व इस निर्णय के विरोध में प्रदर्शन भी किया। वहीं उफल्डा के शिवांचल कॉलोनी (आंचल डेरी धोबीघाट के समीप) के निवासियों ने जिलाधिकारी को नगर पालिका के समर्थन में पत्र भेजा है। कॉलोनीवासी सुनील ढाैंडियाल, ललित कठैत और मुकेश भट्ट ने बताया कि विगत 17 सितंबर को इस संबंध में बैठक आयोजित की गई। इसमें कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका में शामिल किए जाने के शासन के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उफल्डा के कतिपय लोग जनता को भ्रमित कर पालिका का विरोध कर रहे हैं। जबकि शिवांचल कॉलोनीवासी नगर पालिका में शामिल होना चाहते हैं। ब्यूरो