बाढ़ के डर से ग्रामीणों ने जागकर गुजारी रात
-- बारिश से सौंग व गंगा नदी उफनाने से गौहरीमाफी को सता रहा है बाढ़ का खतरा, अगस्त महीने में बाढ़ से हो चुका है काफी नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। शुक्रवार देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद उफनाई सौंग व गंगा नदी किनारे रहने वाले लोगों ने बाढ़ के डर से रात जागकर काटी। ग्रामीणों ने सरकार पर गौहरी माफी की उपेक्षा का आरोप लगाया। वहीं क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल से जल्द गांव में तटबंध बनाने की गुहार लगाई है। पहाड़ों में हो रही मूसलाधार बारिश से गंगा और सौंग नदी का जलस्तर बढ़ गया है। हालांकि, सौंग नदी के जलस्तर में ज्यादा वृद्धि नहीं हुई है, लेकिन सौंग नदी से सटे गांव गौहरीमाफी में लोगों को अगस्त मेें आई बाढ़ का मंजर अभी भी याद आ रहा है। पिछले महीने सौंग नदी का पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया था, जिससे काफी नुकसान हुआ था। बाढ़ से ग्रामीणों की धान की फसल बर्बाद हो गई थी। कई ग्रामीणों की उपजाऊ भूमि भी सौंग की बाढ़ की भेंट चढ़ गई थी। शुक्रवार देर रात से हो रही जोरदार बारिश के बाद सौंग नदी के नजदीक बसे परिवार सहम गए। उन्होंने पूरी रात जागकर काटी। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर लापरवाह होने और सरकार पर गांव की उपेक्षा का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों की जुबानी-
चुनाव के वक्त विधायक ने सौंग नदी किनारे पक्का तटबंध बनाने का वायदा किया था, लेकिन जीत के बाद पक्के तटबंध के नाम पर अभी तक एक भी पत्थर नहीं लग पाया है। बाढ़ के डर के कारण लोगों को जागकर रात काटनी पड़ रही है।
- सुशीला देवी, ग्रामीण
सालों से नेता क्षेत्र में सिर्फ वोट मांगने आ रहे हैं, लेकिन सौंग नदी से बचाव के लिए किसी भी नेता ने पक्के तटबंध बनाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
नवीन चौहान, ग्रामीण
विधायक को गौहरी माफी गांव से सबसे अधिक वोट मिले थे। ग्रामीणों ने विश्वास दिखाते हुए अपना मत दिया है। इसलिए विधायक जी सौंग नदी पर पक्का तटबंध बना दें तो समस्त ग्रामवासी आभारी रहेंगे।
- देवेंद्र सेमवाल, ग्रामीण
हर बरसात में ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान झेलने को विवश होना पड़ रहा। विधायक ने कहा था चुनाव जीतने के बाद सत्ता में हमारी सरकार आते ही गौहरी माफी में पक्का तटबंध बना दिया जाएगा। लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो पाया है।
- कृष्णानंद डोभाल, ग्रामीण
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल कुमाऊं दौरे पर गए हैं। गौहरी माफी के सौंग नदी किनारे पक्का तटबंध बनाने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। जल्द गौहरी माफी के सौंग नदी किनारे पक्का तटबंध बना दिया जाएगा।
-- ताजेंद्र नेगी, ओएसडी, विधानसभा अध्यक्ष