गोपेश्वर। जिले में दो दिनों से हो रही बारिश से बदरीनाथ हाईवे बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। हाईवे जहां लामबगड़ और कौड़िया में मलबा आने से बंद है, वहीं लामबगड़ में बंद हाईवे लगातार हो रही बारिश के कारण खोला नहीं जा सका। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने 700 तीर्थयात्रियों को जगह-जगह रोक दिया है। मैठाणा में भी हाईवे दलदल में तब्दील हो गया है।
बदरीनाथ हाईवे शनिवार सुबह छह बजे पहाड़ी से आए मलबे से लामबगड़ में बाधित हो गया था। एनएच ने सुबह साढ़े आठ बजे सड़क को खोल दिया था, लेकिन दोपहर करीब ढाई बजे दोेबारा पहाड़ी से आए मलबे से हाईवे बंद हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण देर शाम तक हाईवे नहीं खोला जा सका। पुलिस प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 550 तीर्थयात्रियों को जोशीमठ, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर और बदरीनाथ धाम में ही रोक दिया। वहीं मैठाणा भूस्खलन जोन में हाईवे दलदल में तब्दील हो गया है। यहां दिनभर वाहनों के फंसने का सिलसिला जारी रहा। शनिवार सुबह 11 बजे तक यहां वाहनों की आवाजाही ठप रही। 11 बजे के बाद यहां एनएच ने हाईवे पर मिट्टी बिछाकर वाहनों की आवाजाही करवाई। शाम तीन बजे बदरीनाथ हाईवे कौड़िया में भी मलबा आने से बंद हो गया। देर शाम तक यहां हाईवे सुचारु करने का कार्य शुरू नहीं हो पाया। यहां करीब 150 तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। बीआरओ के कमान अधिकारी मेजर पीसी सरकार का कहना है कि बदरीनाथ हाईवे का हेलंग तक का हिस्सा एनएच को हस्तांतरित कर दिया गया है। ऐसे में उच्चाधिकारियों से आदेश मिलने के बाद ही हाईवे सुचारु करने का कार्य शुरू किया जाएगा।