श्रीनगर। विकास खंड यमकेश्वर की टीम जिला स्तरीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता (मिनी गढ़देवा) के चैंपियन का खिताब ले गई। यमकेश्वर ब्लॉक 96 अंक मिले। जबकि दुगड्डा ब्लॉक 93 अंकों के साथ दूसरे और नैनीडांडा 79 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
शुक्रवार को जीआईएंडटीआई मैदान में चार दिवसीय मिनी गढ़देवा का समापन हो गया। 19 सितंबर से शुरू हुई प्रतियोगिता में प्राथमिक बालक वर्ग में हर्ष और बालिका वर्ग में सपना (प्रावि सिगड्डी दुगड्डा) चैंपियन रहे। जबकि सब जूनियर बालिका वर्ग में सलोनी (जूहा डयूल्ड पाबौ) और बालक वर्ग में मनीष पासवान (तदिव्य भारती संस्थान यमकेश्वर) के नाम चैंपियनशिप रही। मनीष गत वर्ष भी चैंपियन था। वहीं सब जूनियर वर्ग की अंताक्षरी में कोर्ट ब्लाक विजेता रहा। प्राथमिक वर्ग की इसी स्पर्धा में कल्जीखाल पहले स्थान पर रहा। सब जूनियर वर्ग की सुलेख हिंदी स्पर्धा में मानसी (खिर्सू) और सुलेख अंग्रेजी में अनुभूति (पाबौं) को प्रथम स्थान मिला। लोकनृत्य व समूहगान में पौड़ी, एकांकी में कोट, मानचित्र में दुगड्डा और व्यायाम में खिर्सू को पहला स्थान मिला। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विपिन मैठाणी सहित अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया। इस मौके पर उप शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, गिरीश पैन्यूली, पालिका सभासद अनूप बहुगुणा, कोतवाल एनएस बिष्ट, एसएसआई जितेंद्र चौहान, मुकेश काला, राजीव थपलियाल और पदमेंद्र लिंगवाल आदि मौजूद थे।