गोपेश्वर। 17वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता के बालक और बालिका वर्ग के दोनों फाइनल मुकाबले देहरादून जिला और स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून की टीमों ने जीते। बालक वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून की टीम ने 45 मिनट के संघर्षपूर्ण मुकाबले में तीन सेटों में चमोली की टीम को हराकर फाइनल अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में देहरादून और पौड़ी के बीच हुआ फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। यहां भी देहरादून की टीम विजेता रही। मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राफी दी।
बुधवार को पुलिस मैदान में शाम चार बजे से दोनों फाइनल मुकाबले हुए। बालिका वर्ग में आयोजित फाइनल का मुकाबला पौड़ी और देहरादून की टीमों के बीच खेला गया। मैच में देहरादून की टीम ने पौड़ी को 25-7 व 25-14 से पराजित कर जीत दर्ज की, जबकि पौड़ी की टीम उपविजेता रही। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला चमोली और स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के बीच हुआ। इसमें देहरादून ने चमोली की टीम को लगातार तीन सेटों (25-18, 25-14 व 25-15) में पटखनी देकर फाइनल अपने नाम किया। इससे पूर्व बालक व बालिका वर्ग में तीसरे स्थान के लिए भी मैच खेला गया। बालिका वर्ग में चमोली ने टिहरी को 25-18, 25-20 से और बालक वर्ग में देहरादून की टीम ने पौड़ी को 25-14, 25-20 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक हरवंश सिंह, आशुतोष भंडारी, नरेश कुमार, अजय कप्रवाण, भरत सिंह बिष्ट, डीएल टम्टा, सुरेश पांडे, ममता शाह, प्रदीप भंडारी, नवीन कुंवर, उमेश जोशी, पृथ्वी सिंह, केके चौहान, गोपाल बिष्ट, केसी पंत और गजपाल आदि मौजूद थे।