गोपेश्वर। आपदा से क्षतिग्रस्त विभागीय सार्वजनिक परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने 242.03 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। विभिन्न विभागों की ओर से 39 क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के प्रस्ताव प्रशासन को सौंपे गए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने विभागों की ओर से दिए गए प्रस्तावों की समीक्षा के बाद बजट को स्वीकृति दी।
डीएम ने कहा कि जिन विभागों की ओर से अभी तक प्रस्ताव नहीं दिए गए हैं, वे शीघ्र प्रस्ताव प्रशासन को सौंप दें, ताकि शासन से धनराशि उपलब्ध होने पर समय पर आवंटित की जा सके। जल संस्थान की ओर से पांच योजनाओं के के लिए नौ लाख की मांग की गई है। डीएम ने निर्माण खंड लोनिवि थराली की खंपाधार-अंबेडकर और मल्ला चिड़िगा एक किमी मार्ग की दीवार के पुनर्निर्माण कार्य का दोबारा परीक्षण करने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम योगेंद्र सिंह, केएन गोस्वामी, एसडीएम परमानंद राम, बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ एनएन पांडेय आदि मौजूद थे।