पीपलकोटी। विश्व शांति और देश की खुशहाली के लिए पटियाला से 50 सिख तीर्थयात्रियों का जत्था पैदल ही हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर निकला है। जत्थे में 26 महिलाएं और 24 पुरुष तीर्थयात्री शामिल हैं। मंगलवार को यह जत्था रात्रि विश्राम के लिए पाखी-गरुड़ गंगा के गुरुद्वारे में पहुंचा। जत्थेदार सरदार प्रताप सिंह ने बताया कि तीर्थयात्रियों का दल विगत एक सितंबर को पटियाला गुरुद्वारे से रवाना हुआ था और विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए दल 23 सितंबर को हेमकुंड साहिब धाम पहुंचेगा। पैदल यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह है।
68 वर्षीय सरदार सतनाम सिंह और गुरुदीप सिंह का कहना है कि यह गुरुदेव का ही चमत्कार और आशीर्वाद है कि वे उन्नीस दिनों से जत्थे के साथ पैदल यात्रा कर रहे हैं, लेकिन कोई थकान और कष्ट उन्हें नहीं हुआ है। अब चाहते है कि जल्द ही हेमकुंड सरोवर तक पहुंच जाएं।