एनएच पर आ धमके हाथी, वाहन किया क्षतिग्रस्त
-- बैराज-लक्ष्मणझूला नेशनल हाईवे पर देर शाम हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
बैराज-लक्ष्मणझूला-कांडी नेशनल हाईवे पर देर शाम हाथियों ने एक वाहन का रास्ता रोक लिया, जिससे वाहन सवार चालक समेत तीन लोगों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। इसके बाद हाथियों ने वाहन को हाईवे पर ही पलट दिया और उसमें रखी चोकर की बोरी चट कर दी। जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम करीब सात बजे यमकेश्वर के रत्तापानी निवासी कमल सिंह ऋषिकेश से सामान लेकर बैराज से लक्ष्मणझूला की ओर जा रहे थे। उनके साथ वाहन में लक्ष्मणझूला निवासी दो अन्य लोग राजेंद्र सिंह नेगी व रॉबिन सवार थे। वाहन जैसे ही किरमौला गांव के समीप पहुंचा, तभी अचानक हाईवे पर दो हाथी धमक गए।
हाथियों को अचानक सामने देखकर वाहन सवारों के होश उड़ गए। मौके से तीनों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई और उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय नागरिकों और राजाजी नेशनल पार्क की गौहरी रेंज को दी। इसी बीच हाथियों ने पहाड़ी से सटाकर खड़े वाहन को हाईवे पर पलट दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद मौके पर पहुंची गौहरी रेंज कर्मियों की टीम ने हाथियों को हाईवे से जंगल में खदेड़ा। मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से हाईवे पर पलटे वाहन को सीधा किया गया। स्थानीय नागरिकों ने विभाग से हाईवे और क्षेत्र के अन्य रिहायशी इलाकों में हाथियों की रोजमर्रा की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।