राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार 23 सितंबर को उत्तराखंड आ रहे राम नाथ कोविंद की अगवानी के लिए प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। राष्ट्रपति दो दिन 23 और 24 सितंबर को उत्तराखंड में रहेंगे। इस दौरान केदारनाथ और बदरीनाथ दर्शन के लिए भी जाएंगे।
राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट प्रोग्राम तो अभी प्रशासन के पास नहीं पहुंचा है, लेकिन उत्तराखंड आने की सूचना पहुंच चुकी है। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन के अनुसार 23 सितंबर को राष्ट्रपति दून में ही ठहरेंगे।
हालांकि यह अभी तक तय नहीं है कि वह आशियाना में ठहरेंगे या कहीं और व्यवस्था होगी। 23 सितंबर को राष्ट्रपति एयरपोर्ट से सीधे हरिद्वार जाएंगे। 23 और 24 सितंबर को केदारनाथ-बदरीनाथ के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात वहीं से दिल्ली लौट जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभी तक राष्ट्रपति का उत्तराखंड आने का मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं पहुंचा है। हालांकि राष्ट्रपति के आगमन के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।