जोशीमठ। पैनखंडा विकास संघर्ष समिति के नेतृत्व में रविवार को ग्रामीणों ने चार सूत्री मांगों को लेकर तहसील परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। रविवार को सेलंग गांव के ग्रामीण क्रमिक अनशन पर बैठे। ग्रामीणों ने मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। साथ संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की भी चेतावनी दी है।
रविवार सेलंग गांव के ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे जोशीमठ बाजार में जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने तहसील परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। ग्रामीण मेरग, सेलंग, बड़ागांव और पैनी को पालिका क्षेत्र से बाहर रखने, विद्यालयों में शिक्षकों व प्रवक्ताओं की तैनाती करने, सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और ब्लॉक की निर्माणाधीन व प्रस्तावित सड़कों का निर्माण शीघ्र करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र सती, संयोजक भरत सिंह कुंवर, उमा देवी, लक्ष्मण सिंह, मोहन सिंह, उर्मिला देवी, भुवनेश्वरी देवी, पुष्पा देवी, सुखदेव सिंह और मनमोहन आदि शामिल थे।