घाट। राजकीय महाविद्यालय घाट के छात्रों का धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। छात्रों से वार्ता के लिए पहुंचे थराली के विधायक मगन लाल को छात्रों ने बैरंग लौटा दिया। आंदोलनरत छात्रों ने कहा कि प्रवक्ताओं की तैनाती होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। वहीं, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया।
ग्यारह सितंबर से महाविद्यालय घाट के छात्र-छात्राएं कालेज का मुख्य भवन निर्माण और प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इसे देखते हुए शुक्रवार को थराली विधायक मगन लाल शाह आंदोलनकारियों को मनाने धरना स्थल पर पहुंचे। विधायक ने प्रवक्ताओं की तैनाती करवाने और शीघ्र भूमि चयन कर महाविद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करवाने का आश्वासन छात्रों को दिया, लेकिन छात्रों ने प्रवक्ताओं की तैनाती होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही और विधायक को बैरंग लौटा दिया। वहीं जिला पंचायत सदस्य गुड्डू लाल ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को जनप्रतिनिधि भी अपना समर्थन दे रहे हैं। प्रवक्ताओं की तैनाती के लिए आंदोलन में सहयोग दिया जाएगा। इस मौके पर छात्र दीपक रतूड़ी, हरिता कठैत, तनूजा मैंदोली, सत्यपाल सिंह, पूजा, बबीता, माहेश्वरी, लक्ष्मी, सरस्वती, प्रकाश मैंदोली, प्रकाश मैंदोली, नंदा सिंह रावत, सुखवीर रौतेला, दिलवर सिंह और राजा मैंदोली आदि मौजूद थे।