अमर उजाला ब्यूरो
धनौरी।
डिजिटल इंडिया के इस युग में हरिद्वार जनपद के धनौरी क्षेत्र में लैंडलाइन कनेक्शन नहीं होने से फैक्स, ब्रॉडबैंड इंटरनेट आदि में दिक्कतें हो रही है।
धनौरी व आसपास के क्षेत्र में पीजी कालेज, डिग्री कालेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, इंटर कालेज आदि संस्थान है। इन संस्थानों में लैंडलाइन कनेक्शन नहीं होने से छात्रों, अभिभावकों एवं कालेज प्रबंधन को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों को फैक्स या साइबर कैफे का प्रयोग करने के लिए रुड़की या हरिद्वार जाना पड़ता है। धनौरी स्थित एक डिग्री कालेज के निदेशक शरद पांडेय में बताया कि महाविद्यालय में लैंडलाइन कनेक्शन की बेहद कमी दिखाई पड़ती है। देहात में बिना कनेक्शन एव ब्रॉडबैंड इंटरनेट के कालेज मे कंप्यूटर लैब आदि स्थापित करना संभव नहीं हो पाता है। वहीं सीएससी के इंचार्ज अश्वनी कुमार ने बताया कि धनौरी एजुकेशनल सेंटर होने के साथ ही व्यावसायिक केंद्र भी है। अगर बीएसएनएल यहां पर लैंडलाइन कनेक्शन की शुरुआत करे तो यहां एक सौ कनेक्शन से अधिक लैंडलाइन कनेक्शन हो सकते हैं। ग्रामीणों ने जल्दी से जल्दी लैंडलाइन सुविधा देने की मांग की है।
फाइबर लाइनें प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पंहुचा दी गई है। स्कूल, कालेज या अन्य ग्रामीण जो पीएनटी या ब्रॉडबैंड कनेक्शन के इच्छुक हैं, वह बीएसएनएल कार्यालय आकर आवेदन कर सकते हैं। अब फाइबर लाइन से ही कनेक्शन देना संभव है।
अजीत सिंह, एसडीओ, बीएसएनएल रुड़की।