पोखरी। मोहनखाल और चंद्रनगर क्षेत्र में ढाई माह से पांच सौ परिवार रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि गैस आपूर्ति न होने से लकड़ी के चूल्हों पर खाना पकाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कहा यदि शीघ्र गैस की आपूर्ति नहीं हुई तो रुद्रप्रयाग-पोखरी मार्ग जाम किया जाएगा।
मोहनखाल क्षेत्र में थाला, सटियाना, ताली, कंसारी, ब्राह्मण थाला तथा चंद्रनगर व भणज क्षेत्र में जून माह के बाद से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई है। क्षेत्र में लगभग पांच सौ परिवार रसोई गैस के लिए भटक रहे हैं और लकड़ी के चूल्हे और स्टोव पर खाना पका रहे हैं। देवी प्रसाद थपलियाल, दीपक थपलियाल, सुंदर प्रकाश, ओम प्रकाश नेगी, डा. रमेश थपलियाल, रविंद्र और मुकेश का कहना है कि क्षेत्र में गैस सर्विस पोखरी से रसोई गैस की आपूर्ति होती है, लेकिन डेढ़ माह से क्षेत्र में गैस की सप्लाई नहीं हुई है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी इंद्रदेव नौटियाल का कहना है कि पोखरी गैस सर्विस से गैस वितरण की रिपोर्ट मांगी जाएगी। जल्द ही मोहनखाल क्षेत्र में गैस आपूर्ति करा दी जाएगी।