कर्णप्रयाग/घनसाली। पंचायत राज एक्ट लागू करने, पांच हजार रुपये प्रति माह मानदेय देने और राज्य वित्त की धनराशि में कटौती वापस लेने की मांग को लेकर प्रधानों ने ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी की। प्रधानों ने यहां तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम केएन गोस्वामी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेेजकर जल्द कार्रवाई करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी।
प्रधान संघ के संरक्षक सुमन प्रसाद डिमरी और अध्यक्ष खिलदेव सिंह रावत के नेतृत्व में प्रधान सुबह दस बजे ब्लाक कार्यालय पहुंचे और 11 बजे से ब्लाक कार्यालय के सभी कमरों पर ताले जड़े। प्रधानों ने कहा कि विभागों को स्वतंत्र कर गांवों में विभागीय कर्मी लापरवाही बरत रहे हैं। प्रधानों ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में कोषाध्यक्ष भगवान कंडवाल, हेमलता सगोई, किरन देवी, जमुना देवी, विक्रम कनवासी, मनोज रावत, राकेश लाल, संदीप खंडूड़ी, राजेश कुमार, अनीता देवी, रेखा देवी, शशि जुयाल, दिनेश कोठियाल, रणवीर कंडवाल, कुलदीप खत्री और भरत सिंह सहित अन्य प्रधान मौजूद थे।
वहीं घनसाली और हिंडोलाखाल में ग्राम प्रधानों ने प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने जल्द समस्या समाधान न होने पर सीडीओ कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी। चंबा और कंडीसौड़ी ब्लॉक मुख्यालय में ग्राम प्रधानों ने मांग के समर्थन में धरना दिया। पुतला फूंकने वालों में ग्राम प्रधान चंद्र मोहन बिष्ट्र प्रशांत जोशी, सोहन लाल परोपकारी, सरोप सिंह मेहरा, रवि सेमवाल, महावीर सिंह सेनवाल, विक्रम सिंह तोपवाल आदि शामिल रहे।