श्रीनगर। प्रगतिशील जनमंच अब अगली लड़ाई जीवीके के खिलाफ करने जा रहा है। अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी से भेंट करेगा। मंच के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि श्रीनगर और पौड़ी के लिए बनाई जा रही शुद्ध पेयजल परियोजना पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किए जाने को लेकर भी डीएम से निर्णायक वार्ता की जाएगी। इसके बाद जीवीके कंपनी के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
रविवार को एनआईटी के स्थायी परिसर निर्माण, संयुक्त अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति और श्रीनगर, पौड़ी के लिए शद्ध पेयजल योजना के निर्माण की मांग को लेकर प्रगतिशील जनमंच का धरना 86वें दिन भी जारी रहा। प्रजम के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि उक्त मांगों के लिए सोमवार को जिलाधिकारी पौड़ी से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। मंच ने श्रीनगर जल विद्युत परियोजना संचालक जीवीके कंपनी को चेतावनी दी है कि अगर पेयजल योजना निर्माण शीघ्र नहीं करवाया गया तो कंपनी के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। धरने पर बैठने वालों में जेपी पुरी, सदानंद पुरी, गंभीर सिंह कंडारी, रतन सिंह पटवाल, आरपी चमोली, आरएस शुक्ला, यमुना काला, सुनीता पंवार, पुष्पा जोशी, जेपी पोखरियाल, सीपी बहुगुणा, देवेंद्र राणा, केदार सिंह चौहान आदि शामिल थे।