गोपेश्वर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय घाट में वार्डन की नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग को शिक्षिकाएं नहीं मिल रही हैं। वार्डन के लिए दो बार विज्ञप्ति प्रकाशित करने के बाद भी किसी भी शिक्षिका ने आवेदन नहीं किया है। अब विभाग आवासीय विद्यालय में अनुबंध पर वार्डन की तैनाती करने की तैयारी कर रहा है। साथ ही छात्रावास की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने दो पीआरडी महिला जवानों की तैनाती भी कर दी है।
15 जुलाई को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय घाट की छात्राएं विद्यालय की अव्यवस्थाओं के खिलाफ तहसील परिसर में धरने पर बैठ गई थीं। छात्राएं वार्डन को हटाने की मांग कर रही थी, जिस पर शिक्षा विभाग ने तत्काल वार्डन की सेवा समाप्त कर कर दी थी। डीएम ने मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश भी दिए, जिसकी जांच अभी भी चल रही है। अब शिक्षा विभाग को वार्डन के लिए शिक्षिकाएं ढूंढे नहीं मिल रही हैं। वार्डन के लिए एलटी और प्राथमिक की प्रधानाध्यापिका को वार्डन की जिम्मेदारी दी जाती है, लेकिन विद्यालय में उपजे विवाद के कारण अभी तक किसी शिक्षिका ने आवेदन नहीं किया है। अब शिक्षा विभाग ने अनुबंध पर वार्डन की नियुक्ति के लिए एसपीओ (स्टेट प्रोजेक्ट ऑफिस) को पत्र भेजा है। जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) नरेश कुमार हल्दियानी का कहना है कि अब अनुबंध पर किसी प्रशिक्षित महिला को वार्डन की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए विभागीय कार्रवाई चल रही है।