श्रीनगर। सातवां वेतन आयोग के तहत वेतन न दिए जाने पर गढ़वाल केंद्रीय विवि के शिक्षणेतर कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन में दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सातवां वेतन आयोग का वेतन नहीं दिया गया तो पूर्ण कालिका कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गढ़वाल विवि के शिक्षणेतर कर्मचारियों ने 10 बजे से 12 बजे तक प्रशासनिक भवन में दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। शिक्षणेतर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी व महासचिव सुनील रावत ने बताया कि सातवां वेतन आयोग के तहत वेतन न मिलने पर देश के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षणेतर कर्मचारियों ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया है। कर्मचारियों ने कहा कि उत्तराखंड सरकार अपने कर्मचारियों के लिए सातवां वेतनमान लागू कर चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार के कर्मचारी होने के बावजूद उन्हें सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं मिल रहा है। शिक्षणेतर कर्मचारियों ने एमएचआरडी, यूजीसी के विरोध में नारेबाजी भी की। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि दो घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार शुक्रवार को भी जारी रहेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सातवां वेतन आयोग लागू नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।