श्रीनगर। गढ़वाल विवि छात्र महासंघ व बिड़ला परिसर छात्र संघ चुनाव संपन्न होने के बाद भी छात्र गुटों के बीच तनाव बना हुआ है। बुधवार को विवि के चौरास परिसर स्थित कैंटीन में अभाविप व जय हो ग्रुप के छात्रों के बीच भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई भी हुई। इसके दोनों गुटों के छात्रों ने एक-दूसरे के खिलाफ कीर्तिनगर कोतवाली में तहरीर दी है।
5 सितंबर को सपंन्न हुए छात्र महासंघ चुनाव में अभाविप में सभी पदों पर जीत हासिल की थी। जबकि जय हो ग्रुप से छात्र महासंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अरुण नेगी 8 मतों से पराजित हो गए थे। बुधवार को चौरास परिसर स्थित कैंटीन में जय हो ग्रुप व अभाविप के छात्र आपस में भिड़ गए। जहां दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई भी हुई। बाद में दोनों पक्षों ने कीर्तिनगर कोतवाली में एक दूसरे के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। एसआई इंद्र सिंह गड़िया ने बताया कि जय हो ग्रुप के अरुण नेगी ने अभाविप के मनीष डालिया, सौरभ भंडारी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकुर रावत, शशांक चौधरी व विदुर आहूवालिया के खिलाफ मारपीट व गाली गलौज करने के आरोप में तहरीर दी है। जबकि अभाविप के विदुर आहूवालिया और सौरभ भंडारी ने अरुण नेगी अंकित चंद्र भट्ट सहित अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। एसआई गड़िया ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर ले ली गई है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो