श्रीनगर। गढ़वाल विवि छात्र महासंघ पर अभाविप ने जीत का परचम लहराया है। आमने सामने हुए चुनाव में जय हो ग्रुप को कड़ी टक्कर देते हुए अभाविप ने छात्र महासंघ के सभी पदों पर जीत हासिल की। चुनाव में 44 विवि प्रतिनिधियों ने मतदान किया।
मंगलवार को गढ़वाल विवि छात्र महासंघ के लिए चुनाव प्रक्रिया हुई। सुबह 10 बजे से 12 बजे तक मतदाताओं का पंजीकरण व प्रत्याशियों का नामांकन किया गया। ढाई बजे से 4 बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न की गई। छात्र महासंघ अध्यक्ष पद पर अभाविप के प्रदीप चंद्र जोशी (विवि प्रतिनिधि राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी) निर्वाचित हुए। प्रदीप को 26 व उनके प्रतिद्वंद्वी जय हो ग्रुप के अरुण नेगी को 18 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद अभाविप के नवीन नेगी (विकास ग्रुप के विवि प्रतिनिधि डीएवी) निर्वाचित हुए। जबकि महासचिव पद पर अभाविप के हिमांशु रावत विजयी रहे। सचिव पद पर अभाविप के आशीष रावत और कोषाध्यक्ष पद पर गुरुचरण धारंगे विजयी रहे। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. आरसी डिमरी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यकारिणी सदस्य पद पर प्रमेंद्र सिंह, दीपक रावत, जयदीप रावत, अंकित, अंकित रावत व महिदेव सिंह निर्वाचित हुए। परिणामों की घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों ने बाजार के मुख्य मार्गों पर जुलूस निकाला।
वहीं एनएसयूआई ने छात्र महासंघ में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे थे। एनएसयूआई ने जय हो ग्रुप को समर्थन दिया था। छात्रों के बीच टकराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सोमवार शाम से ही पूरी तरह चौकस रहा। यहां तक कि दोनों गुटों के विवि प्रतिनिधियों को चुनाव स्थल तक पुलिस घेराबंदी के साथ लाया गया
....................
देवप्रयाग विवि प्रतिनिधि ने चुनाव का किया बहिष्कार
देवप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के विवि प्रतिनिधि बलवंत सिंह चौहान ने छात्र महासंघ चुनाव का बहिष्कार किया। बलवंत सिंह ने कहा कि देवप्रयाग महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में धांधली की गई है। चौहान ने कहा कि देवप्रयाग महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष व सचिव पद पर पुर्नमतगणना की मांग की गई थी। लेकिन प्रशासन ने नहीं माना। चुनाव में धांधली किए जाने के आरोप में बलवंत चौहान ने छात्र महासंघ चुनाव का बहिष्कार किया।