कर्णप्रयाग। डा. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को जीत गिफ्ट में मिल गई। सोमवार को विश्व विद्यालय प्रतिनिधि पद पर अधिक वोट लेने वाले छात्र नेता को मानकोनुसार क्रेडिट प्वाइंट न मिलने पर अयोग्य घोषित करते हुए विश्व विद्यालय प्रतिनिधि के पद पर चुनाव परिणाम घोषित किया गया। इसमें दूसरे नंबर पर रहे एबीवीपी के प्रत्याशी अंकित रावत को विवि प्रतिनिधि घोषित किया गया। महाविद्यालय के परिणाम से नाराज तीन छात्र नेता महाविद्यालय प्रशासनिक भवन की छत पर चढ़ गए। दो घंटे की मशक्कत के बाद छात्र नेता नीचे उतरे और बाद में कोर्ट जाने की चेतावनी देते हुए परिसर से निकल गए। इस दौरान महाविद्यालय में माहौल तनाव पूर्ण रहा। पुलिस भी तैनात रही।
एक सितंबर को महाविद्यालय में हुए छात्र संघ चुनाव के लिए अध्यक्ष, सचिव और विश्व विद्यालय प्रतिनिधि के लिए चुनाव हुए थे। इसमें विश्व विद्यालय प्रतिनिधि के पद पर परिणाम अघोषित कर दिया। हालांकि चुनावों के दौरान सूरज सिंह को 622 और अंकित रावत को 437 मत मिले, लेकिन सूरज सिंह को बीए पंचम सेमेस्टर में चुुनावों के लिए अर्ह किए गए 88 क्रेडिट प्वाइंट नहीं होने से महाविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को सूरज सिंह को निर्वाचन के लिए अयोग्य घोषित करने का नोटिस दिया। इससे नाराज सूरज सिंह सहित प्रीतम सिंह और संदीप नेगी महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन की छत पर चढ़ गए। यह देख महाविद्यालय प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। इसके बाद एसडीएम केएन गोस्वामी, तहसीलदार विपिन चंद्र पंत, एसओ बृजमोहन राणा सहित भारी मात्रा में पुलिस, एसडीआरएफ के जवान महाविद्यालय पहुंचे। एक बजे छत पर चढ़े छात्र तीन बजे वार्ता के लिए माने और नीचे उतरे। डेढ़ घंटे तक प्राचार्य कक्ष में वार्ता हुई, लेकिन छात्र अधिक मत मिलने की बात पर अड़े रहे। काफी देर तक मनाने के बाद छात्र चुनाव परिणाम के खिलाफ कोर्ट जाने की बात कहकर चले गए। इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन और चुनाव अधिकारी डा. जीसी बेंजवाल ने प्राचार्य प्रो. जेएस घिल्डियाल से दूसरे नंबर पर रहे एबीवीपी के प्रत्याशी अंकित रावत को शपथ दिलाई। दूसरी ओर छात्र नेता सूरज सिंह ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन ने बिना वार्ता के सीधे नोटिस दिया।