अमर उजाला ब्यूरो
धनौरी।
धनौरी- बुग्गावाला मार्ग पर आसफनगर गांव के समीप बरसात से टूटी सड़क के आधे हिस्से पर एक डंपर धंस गया। इससे बुग्गावाला- धनौरीमार्ग करीब छह घंटे बंद रहा। ग्रामीणों को आवागमन के लिए औरंगाबाद या कलियर से होकर अपने गंतव्य की ओर पहुंचना पड़ा।
गौरतलब है कि धनौरी- बुग्गावाला मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। देहरादून जाने के लिए पहले ग्रामीणों को छुटमलपुर- बिहारीगढ़ होकर गुजरना पड़ता था, पिछले वर्ष इस मार्ग पर पुल आदि के बन जाने से यह मार्ग आवागमन के लिए बेहद मुफीद हो गया है, लेकिन बरसात से यह मार्ग अधिकांश जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में अधिकांश जगह यह मार्ग चलने लायक स्थिति में नहीं है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस मार्ग से बाया धनौरी होते हुए अवैध खनन से भरे डंपर बड़ी संख्या में दिन रात निकल रहे हैं, जिनसे यह मार्ग बदहाल हो गया है। रविवार सुबह एक डंपर मोड़ पर धंस गया, जिससे यह मार्ग कई घंटे बंद रहा। ग्रामीणों ने फंसे ट्रक को ट्रैक्टर आदि की मदद से बाहर निकालकर आवागमन चालू कराया। वहीं रघुवीर सिंह, पवन, प्रवीण, आकाश, आशीष, विकास ने बताया कि टूटी सड़क के कारण आए दिन इस मार्ग पर वाहनों की दुर्घटनाएं होती रहती है, लेकिन प्रशासन सड़क की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।