कर्णप्रयाग। रविवार को वॉर मेमोरियल राजकीय इंटर कॉलेज समिति की बैठक में वर्ष 2018 में होने वाले शताब्दी समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि मामले में जल्द मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। शताब्दी समारोह का उद्घाटन 26 अक्तूबर 2017 को करने पर विचार किया जा रहा है। साल भर चलने वाले आयोजन का समापन 26 अक्तूबर 2018 से 29 अक्तूबर 2018 तक किया जाएगा। बैठक में विद्यालय में विक्टोरिया क्रॉस (वीसी) दरबान सिंह नेगी के नाम पर पुस्तकालय, शताब्दी द्वार, ऑडिटोरियम और वीसी नेगी की आदमकद मूर्ति लगाने के बारे में भी चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश पुजारी ने की। उन्होंने कहा कि समारोह को भव्य बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साथ ही फ्रांस और ब्रिटेन की सरकारों से भी वार्ता की पहल की जा रही है। यही नहीं, वर्ष 1918 से 1943 और 1943 से 1958, 1959 से 2000 और 2001 से अब तक के सभी मेेधावी छात्र-छात्राओं के साथ ही सभी क्षेत्रों में बड़े ओहदों पर कार्य कर चुके पूर्व छात्रों को भी समारोह में सम्मिलित कर सम्मानित किया जाएगा। समारोह के दौरान आयोजित होने वाले खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों पर चर्चा की गई। बैठक में सलाहकार, स्वागत, व्यवस्था, सुझाव, आवास, अनुशासन, प्रचार प्रसार, पूर्व सैनिक, पूर्व छात्र, प्रिंट, सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समिति, स्मारिका के साथ ही यातायात सहित 40 समितियों का गठन किया गया। निर्णय लिया गया कि नौ सितंबर को समिति का प्रतिनिधिमंडल सीएम से मिलने के लिए देहरादून जाएगा। इसके बाद 26 अक्तूबर 2017 को इस कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। बैठक में समिति के महासिचव भुवन नौटियाल, प्रभारी प्रधानाचार्य केएस गुंसाईं, आरडी तोपाल, दमयंती रतूड़ी, अनुज डिमरी, नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष गैरोला, जितेंद्र पंवार, अरविंद चौहान, प्रताप लूथरा, सुबोध कुंवर आदि मौजूद थे।