कर्णप्रयाग। डा. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को हुए छात्र संघ चुनावों में विश्व विद्यालय प्रतिनिधि के पद पर परिणाम स्थगित होने से एबीवीपी मुखर हो गई है। वोटिंग के अनुसार यहां हैप्पी ग्रुप के सूरज सिंह को 622 मत मिले, जबकि एबीवीपी के प्रत्याशी अंकित रावत 437 मत प्राप्त कर दूसरे नंबर पर रहे, लेकिन सूरज सिंह को बीए पंचम सेमेस्टर में मानकोनुसार कम क्रेडिट प्वाइंट मिले। लिहाजा सूरज सिंह का निर्वाचन रद्द कर अंकित रावत को निर्विरोध विवि प्रतिनिधि घोषित करना चाहिए, लेकिन महाविद्यालय प्रशासन ने परिणाम को स्थगित कर दिया।
एबीवीपी के छात्र नेता मयंक डिमरी, सौरभ नेगी, गोविंद सिंह नेगी, सचिन नौटियाल, अंकित रावत, कमलेश नेगी, कुशवर सिंह, अंकित कोहली आदि ने कहा कि इस बार छात्र संघ चुनावों के लिए कक्षाओं में तय मानकानुसार क्रेडिट प्वाइंट हासिल करने थे। जिनके क्रेडिट प्वाइंट घोषित नहीं हुए महाविद्यालय प्रशासन ने ऐसे छात्र नेताओं से 10 रुपये के स्टांप पर यह शपथ पत्र भरवाया कि यदि क्रेडिट प्वाइंट कम मिले को नामांकन और चुनाव निरस्त किए जा सकते हैं। विश्व विद्यालय प्रतिनिधि के पद पर सूरज सिंह ने शपथ पत्र के साथ चुनाव लड़ा और अब क्रेडिट प्वाइंट कम आने पर महाविद्यालय प्रशासन ने परिणाम स्थगित कर दिया। शपथ पत्र के अनुसार सूरज सिंह का चुनाव निरस्त होना चाहिए। छात्रों ने कहा कि यदि जल्द मामले में कार्रवाई करते हुए अंकित रावत को निर्विरोध निर्वाचित घोषित नहीं किया जाता तो आंदोलन करेंगे। महाविद्यालय के मुख्य चुनाव अधिकारी डा. जीसी बेंजवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय से गाइड लाइन मांगी गई है। चार सितंबर को मामले में निर्णय ले लिया जाएगा।