रुड़की में ईद उल अजहा के मौके पर पिरान कलियर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर पांडा में कुर्बानी को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव हो गया।
इससे पहले कि मामला तूल पकड़ता, पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। गांव में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने इसके लिए पीएसी के साथ भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसएसपी कृष्णकुमार वीके ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया है। एसएसपी का कहना है कि गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
अप्रिय स्थिति बनने से पहले पुलिस ने मोर्चा संभाला
घटनाक्रम के मुताबिक ईद उज अजहा के मौके पर मोहम्मदपुर पांडा गांव में कुर्बानी को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया है। दोनों पक्ष सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपराओं का हवाला देकर आमने सामने आ गए जिससे गांव में तनाव हो गया। लेकिन इससे पहले कि गांव में कोई अप्रिय स्थिति बनती इससे पहले ही सीओ रुड़की स्वप्र किशोर सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे औार स्थिति को संभाल लिया।
प्रकरण की जानकारी एसएसपी कृष्ण कुमार वीके को दी गई तो वह भी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। आखिरकार पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कुर्बानी करायी गई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पीएसी के साथ साथ भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। डीएम दीपक रावत और एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने ग्रामीणों से सौहार्दपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की है।
दोनों अफसरों का कहना है कि माहौल बिगाडने की इजाजत किसी को भी नही दी सकती है जो भी गांव में माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। दूसरी ओर पिरान कलियर थाना प्रभारी देवराज शर्मा का कहना है कि गांव में शांतिपूर्ण तरीके से ईद उल अजहा का पर्व मनाया गया है। फिर भी एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात है। स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।