कर्णप्रयाग। स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र संघ चुनावों में एबीवीपी को झटका लगा है। महज एक पद पर विश्व विद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पर प्रत्याशी खड़ा कर चुनाव लड़ रहे भाजपा के छात्र संगठन को यहां हार मिली है। महाविद्यालय छात्र संघ चुनावों में इस बाद 14 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।
शुक्रवार सुबह भारी बारिश के बावजूद मतदान के प्रति छात्र-छात्राओं ने उत्साह दिखाया। देर शाम निकले परिणामों में अध्यक्ष पद पर सुनील कुमार ने एकतरफा जीत दर्ज करने हुए राहुल चौहान को 278 मतों से हराया। विश्व विद्यालय प्रतिनिधि पद पर सूरज सिंह को 622 वोट मिले। सहायक चुनाव अधिकारी डा. आरसी भट्ट ने बताया कि विश्व विद्यालय प्रतिनिधि पर परिणामों की घोषणा नहीं की गई है। बताया कि अधिक मत प्राप्त करने वाले सूरज सिंह के बीए पांचवें सेमेस्टर में तय 88 क्रेडिट प्वाइंट से कम हैं। ऐसे में मामला विश्वविद्यालय को भेजा जाएगा। उपाध्यक्ष पद प्रीतम सिंह, सह सचिव पद पर प्रेम राम और कोषाध्यक्ष पद पर ऋषभ निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं चुनावों के बाद किसी तरह कानून व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए पुलिस ने महाविद्यालय परिसर तथा नगर में शु्क्रवार शाम पांच बजे से धारा 144 लागू कर दी। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बृजमोहन राणा ने बताया कि धारा 144 लगने से कोई विजयी जुलूस नहीं निकल पाया। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. जेसी घिल्डियाल, मुख्य चुनाव अधिकारी डा. जीसी बेंजवाल सहित अन्य प्रवक्ता और मौजूद थे।