नारायणबगड़/थराली/देेवाल। हाईटेंशन लाइन के टूटने से बृहस्पतिवार शाम चार बजे से पिंडरघाटी के थराली, देवाल तथा नारायणबगड़ ब्लाकों की बिजली आपूर्ति 23 घंटे ठप रही। ऐसे में बैंक, पोस्टऑफिस सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे नारायणबगड़ और देवाल में बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जबकि नंदकेशरी विद्युत सब स्टेशन में तकनीकी खराबी आने से देवाल ब्लाक की बिजली बहाल नहीं हो पाई।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख देवाल उर्मिला बिष्ट ने बताया कि ऊर्जा निगम की लापरवाही के चलते पिंडर घाटी में आए दिन बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। कहा कि कई बार शासन-प्रशासन और ऊर्जा निगम के आला अधिकारियों से पिंडर घाटी की बिजली लाइनों के मरम्मत की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। वहीं ऊर्जा निगम के ईई डीएस चौधरी ने बताया कि नौली-बगोली के बीच 33 केवी बिजली का तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। नंदकेशरी सबस्टेशन में तकनीकी दिक्कत ठीक करवाई जा रही है।