अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर अंतरिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। शनिवार को छात्रों की आपत्ति के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। विवि के मानविकी एवं प्राच्य विद्या संकाय में छात्रसंघ के लिए आठ सितंबर को आठ से दो बजे के बीच मतदान होगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. पीसी जोशी ने बताया कि छात्रसंघ के चुनाव को लेकर 4246 मतदाता छात्रों की सूची जारी कर दी गई है। शनिवार दोपहर 12 बजे तक मतदाता सूची पर छात्रों की आपत्ति मांगी गई है। उसके बाद तीन बजे अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। इसी दिन तीन से पांच बजे के बीच नामांकन पत्रों का वितरण किया जाएगा। चार सितंबर को दस से बारह बजे तक नामांकन होगा। वहीं पांच सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच, प्रत्याशियों की सूची, नामांकन वापसी और प्रत्याशियों के नामों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। प्रो. जोशी ने बताया कि आठ सितंबर को मतदान और मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा और शपथ ग्रहण कराई जाएगी।
बारिश ने रोका चुनाव प्रचार
हरिद्वार। शुक्रवार को शहर में हुई तेज बारिश से बहुत कम छात्र ही गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में पहुंचे। जिसके चलते छात्र नेता भी चुनाव प्रचार के लिए विवि में नहीं पहुंच सके। दोपहर बाद छात्र नेता अपने वाहनों से विवि परिसर से सटी कालोनियों में चुनावी प्रचार के लिए पहुंचे। छात्र नेताओं ने छात्रों के कमरों पर पहुंचकर उनकी सभी समस्याओं का हल कराने का आश्वासन देते हुए वोट मांगें।