डोईवाला छात्र संघ चुनावों में एनएसयूआई का सूफड़ा साफ
-- अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विवि प्रतिनिधि पद पर शिवाय तो महासचिव पद आर्यन काबिज
--कोषाध्यक्ष, सह सचिव और छात्रा प्रतिनिधि पद एबीवीपी ने जीता
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला छात्र संघ चुनाव में शिवाय और आर्यन संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के विजय रथ को रोकने में सफल रहे। मुख्यमंत्री का निर्वाचन क्षेत्र होने के बावजूद चुनाव में एबीवीपी सात पदों में से केवल तीन पदों पर ही सिमटकर रह गई वहीं एनएसयूआई तो अपना खाता तक नहीं खोल पाई। हालांकि ऐसे चुनाव परिणामों की किसी को अपेक्षा नहीं थी। शिवाय ग्रुप ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जीत हासिल करके सबको चौंकाया, वहीं आर्यन ने महासचिव जैसे मुख्य पद पर जीत हासिल की है। छात्र संघ चुनावों में अध्यक्ष पद पर शिवाय संगठन के अंशुल कठैत, महासचिव पद पर आर्यन के गौतम नेगी ने दूसरी बार जीत हासिल की।
उपाध्यक्ष पद पर शिवाय की मीनाक्षी, सह सचिव पद पर एबीवीपी के दिलीप, कोषाध्यक्ष पर एबीवीपी की रश्मि, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर शिवाय के हरविंदर सिंह, छात्रा प्रतिनिधि पर एबीवीपी की पूजा ने कब्जा जमाया। बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे से साढे़ बारह बजे तक छात्र संघ में विभिन्न पदों और कार्यकारिणी सदस्य के लिए चुनाव हुआ। जिसमें कुल 1263 मतदाताओं में से 1123 मतदाताओं ने 88. 91 प्रतिशत मतदान किया। विज्ञान भवन हाल में दोपहर दो बजे से कॉलेज प्राचार्य डा. एमसी नैनवाल, चीफ प्रोक्टर डा. केएल तलवाड और मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एसपी सती के निर्देशन में मतगणना शुरू हुई जो शाम छह बजे तक चली। प्राचार्य द्वारा चुनाव परिणाम घोषित करने के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
छात्र संघ चुनाव में शिवाय संगठन के अंशुल कठैत ने अपने प्रतिद्वंदी एबीवीपी के नितेश को 34 मतों से पराजित किया। अंशुल को 437 और नितेश को 403 मत मिले। महासचिव पद आर्यन की झोली में गया । आर्यन के गौतम नेगी ने निकटतम प्रतिद्वंदी एनएसयूआई के मनोज रावत का 213 मतों के बडे़ अंतर से हराया। गौतम को 516 और मनोज को सिर्फ 303 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर शिवाय की मीनाक्षी ने एनएसयूआई की करिश्मा को 90 मतों से पराजित किया। मीनाक्षी को 402 और करिश्मा को 312 मत मिले। सह-सचिव पद पर एबीवीपी के दिलीप मध्देशिया ने शिवाय के रोहित को 34 मतों से पराजित किया। दिलीप को 388 और रोहित को 354 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की रश्मि 88 मतों से चुनी गई। रश्मि को 448 और प्रतिद्वंदी शिवाय की मानसी को 360 वोट मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर शिवाय के हरविंदर सिंह ने प्रतिद्वंदी एबीवीपी योगेश बिष्ट को 14 मतों से हराया। छात्रा प्रतिनिधि सदस्य पद पर एबीवीपी की पूजा ने निकटतम प्रतिद्वंदी साक्षी को 30 मतों से हराया। छात्र संघ कार्यकारिणी सदस्य की छह सीटों में से दो शिवाय और चार एबीवीपी को मिली हैं। एबीवीपी के विनय पटवाल, अजय चौहान और बोबी, शिवाय के अभिषेक पाठक, देवेश सिंह ने जीत दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया में डा. डीएस नेगी, डा. प्रभा बिष्ट, नूर हसन, डा. डीपी सिंह, डा. प्रमोद पंत समेत कालेज के तमाम शिक्षक मौजूद रहे।