श्रीनगर। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने पत्रकारवार्ता में कहा कि भाजपा सरकार पांच माह के कार्यकाल में ही युवाओं का विश्वास खो चुकी है। अधिकांश छात्र संघ चुनावों में एनएसयूआई के प्रत्याशियों की जीत इसका परिणाम है। केंद्र व राज्य सरकार लोगों को केवल गुमराह कर रही है।
बृहस्पतिवार को स्थानीय जीएमवीएन गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार का अब तक का कार्यकाल उत्पीड़नात्मक रहा है। कहा कि भाजपा सरकार केवल औद्योगिक घरानों को पोषित करने का काम कर रही है। छात्रसंघ चुनावों के परिणामों को लेकर उन्होंने कहा कि युवाओं ने अब तक हुए छात्र संघ चुनावों में एनएसयूआई के प्रत्याशियों पर विश्वास जताया है। मेडिकल कालेज व एनआईटी के मामले में भी सरकार लोगों को भ्रमित कर रही है। कहा कि यूपी व उत्तराखंड दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री पौड़ी से हैं बावजूद इसके पौड़ी जनपद से कई संस्थान स्थानांतरित हो गए हैं और कुछ होने के कगार पर हैं। पत्रकार वार्ता में प्रदेश संगठन मंत्री गंभीर सिंह रावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, गणपति भट्ट, उम्मेद सिंह मेहरा, विजय रावल आदि मौजूद थे। ब्यूरो