अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कनखल का एक दिवसीय गुघाल मेला बृहस्पतिवार को जगजीतपुर मार्ग के बूढ़ीमाता क्षेत्र में आयोजित हुआ। नगर एवं देहातों से आए सैकड़ों भक्तों ने गोगावीर की पूजा अर्चना की। इस एक दिवसीय मेले में बाजार भी सजाया गया। बच्चों ने बाजार में खूब खरीदारी की।
कनखल के गुघाल में देहात से काफी लोग पहुंचते हैं। यह मेला परंपरागत रूप से एक दिन मनाया जाता है। इसके विपरीत ज्वालापुर का गुघाल मेला पांडेवाला और गुघाल रोड के लंबे चौड़े क्षेत्र में पांच दिन चलता है। पर्व की पूजा दो सितंबर से चार सितंबर तक चलेगी। यह मेला कई दिन बाद तक भी क्षेत्रवासियों को आकर्षित करता रहता है। अभी से करीब 300 से अधिक अस्थायी दुकानें मेला क्षेत्र में पहुंच गई है। यही नहीं पांच से अधिक बड़े-बड़े झूले पांडेवाला के मेला क्षेत्र में आए हैं। इस क्षेत्र में मौत का कुंआ भी पुराने जमाने से मेले के आकर्षण का बड़ा केंद्र रहा है। गोगावीर के पूजा स्थल पर कई दिनों से डमरूओं और ढोल की थाप पर परंपरागत गीत शुरू हो गए हैं। ऐसे ही गीत नगर के विभिन्न भागों में 15 दिनों से जोगियों द्वारा गाये जा रहे हैं। नगर में पवित्र छड़ी यात्रा निकाली जाएगी। गुघाल मेला प्रबंध समिति की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस मेले में लगने वाला चाट बाजार भी प्रसिद्ध है। पुलिस प्रशासन की ओर से मेले के व्यापक प्रबंधक किए गए हैं। नगर निगम के विशेष दस्ते मेला क्षेत्र में सफाई का काम देख रहे हैं। ऊर्जा निगम ने पथ प्रकाश के साथ- साथ चौबीसों घंटे विद्युत प्रवाह देने के प्रबंध किए हैं।