जोशीमठ। नृसिंह मंदिर परिसर में स्थित गरुड़ मंदिर का ताला तोड़कर चोर अष्ट धातु की मां लक्ष्मी की मूर्ति और यहां रखे दानपात्र को चुरा ले गए। चोरों ने मंगलवार रात को इस घटना को अंजाम दिया। मंदिर समिति ने थाना जोशीमठ में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की खोज शुरू कर दी है।
गरुड़ मंदिर के पुजारी सुशील थपलियाल ने शिकायत में कहा कि गरुड़ मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा दिखा। अंदर झांककर देखा तो सामान बिखरा था और गर्भगृह से मां लक्ष्मी की मूर्ति गायब थी। मंदिर का दानपात्र भी गायब था, जिसमें करीब पचास हजार रुपये थे। मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने नगर में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इनके पास से पुराने सिक्के भी बरामद किए हैं।