पीपलकोटी/नंदप्रयाग। दशोली ग्रामीण मंडल की बैठक में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करें। न्याय पंचायत भवन गडोरा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष हर्षवर्द्धन मैठाणी ने की। विधायक ने गांव-गांव में कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए सामाजिक कार्यों की समीक्षा भी की।
मंडल महामंत्री नीलम सिंह नेगी ने कहा कि दशोली मंडल के गांव-गांव में अधिकांश ग्रामीणों के शौचालय नहीं हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ब्लॉक को ओडीएफ बताकर सरकार को गलत रिपोर्ट सौंपी गई है। मनरेगा योजना में भी श्रमिकों को समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा है। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख अयोध्या प्रसाद हटवाल, विनोद बंडवाल, विवेक शाह, रमेश, नवीन वेष्णव, मंजू देवी, हरिबोधनी खत्री आदि मौजूद थे। संचालन नीलम सिंह ने किया। इधर, नंदप्रयाग में भाजपा मंडल की बैठक अध्यक्ष जगदंबा प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान नरेंद्र सिंह तोपाल, धारकोट गांव निवासी को भाजपा युवा मोर्चे के ब्लॉक अध्यक्ष व नंदप्रयाग शक्ति केंद्र के प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई।