गोपेश्वर। जिले की आशा कार्यकत्रियों ने प्रतिमाह 18000 रुपये वेतन और उन्हें सरकारी कर्मचारी घोषित करने मांग पर बुधवार को सीएमओ कार्यालय का घेराव किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल प्रदर्शन किया। कार्यकत्रियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा।
पोस्ट ऑफिस रोड पर सुबह ग्यारह बजे जिले की सभी आशा कार्यकत्रियां इकट्ठा हुईं और यहां से जुलूस-प्रदर्शन करते हुए सीएमओ कार्यालय परिसर पहुंची। यहां उन्होंने एक घंटे तक कार्यालय का घेराव किया। इसके बाद जुलूस कलक्ट्रेट परिसर पहुंचा और यहां कार्यकत्रियों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में संगठन की जिला संयोजक सुनीता राणा ने कहा कि एमआर के टीकाकरण में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। आशा कार्यकत्रियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस मौके पर जिला संयोजक पवित्र बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष सुमन नेगी, देवेश्वरी पुरोहित, दीपा नेगी, शकुंतला, माहेश्वरी, कलावती, शांति, सुमन, अनीता, विजया, कमला, लक्ष्मी और जयंती आदि मौजूद थे।