कर्णप्रयाग। ब्लाक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सक्षम अधिकारियों के न पहुंचने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। सदस्यों ने स्वास्थ्य विभाग के सक्षम अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुर्वेदिक अस्पतालों और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, फार्मासिस्ट सहित दवाइयां न होने पर सदस्यों ने हंगामा किया। इसके बाद सदन में सदस्यों ने सड़क, मुआवजा वितरण, सहित दैवी आपदा से क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइनों की मरम्मत करने की मांग भी उठाई।
मंगलवार को ब्लाक प्रमुख राधा देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कनिष्ठ उपप्रमुख सुभाष रावत, प्रधान संघ के संरक्षक सुमन प्रसाद डिमरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल नेगी आदि ने कहा कि सीएचसी के कई डॉक्टर अस्पताल आने समय में निजी क्लीनिकों में मरीज देख रहे हैं। वहीं नौटी स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर नहीं है। नौली स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मी नदारद रहते हैं। सदन में स्वास्थ्य विभाग के एक भी जिलास्तरीय अधिकारी न होने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई और नंदा प्रस्ताव पारित किया। सड़क से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी सदस्यों ने हंगामा काटा। प्रधान संघ के अध्यक्ष खिलदेव रावत ने किमोली सड़क का विस्तारीकरण, भगवान कंडवाल और हेमलता सगोई ने सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत आदि की मांग की। निर्माणाधीन चौंडली सड़क में चट्टानों को तोड़ने के लिए विस्फोटक का प्रयोग करने से यहां दो मकान जमींदोज होने के कगार पर है। बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी आरएल चंद्रवाल, बीडीओ एमपी भट्ट, एडीओ पंचायत एमएम नगवाल, ज्येष्ठ उपप्रमुख गौतम मिंगवाल, बीईओ वीपीएस बिष्ट, रेनू नेगी, राजेश्वरी नेगी, हरीश चौहान सहित विभागीय अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य और प्रधानगण मौजूद थे।