फोटो : --------------
आर्यन व एनएसयूआई ने जलूस निकाल दिखाई ताकत
-- शक्ति प्रदर्शन के दौरान आपस में भिड़ गए दोनों संगठनों के कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। आर्यन छात्र संगठन और एनएसयूआई ने मंगलवार को जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। कालेज गेट पर संगठन के उम्मीदवारों के पक्ष में जमकर नारेबाजी की गई। सुबह आर्यन संगठन ने महासचिव पद के प्रत्याशी गौतम नेगी के पक्ष में जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। वही, एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अनूप शर्मा और महासचिव के मनोज रावत ने भी जुलूस निकालकर अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान एनएसयूआई के अनीस अहमद, अजय रावत, नवीन मिश्रा, प्रीयेश वर्मा, राजन, मनमोहन नौटियाल, स्वतंत्र बिष्ट समेत कई लोग शामिल हुए।
दूसरी ओर एनएसयूआई के उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार के लिए युवा कांग्रेस ने कमर कस ली है। मतदान के दिन तक प्रचार को व्यवस्थित रखने के लिए रणनीति तैयार की गई है। युकां राष्ट्रीय सचिव मोहित शर्मा ने कहा कि एनएसयूआई की सभी इकाईयों को छात्र संघ चुनाव में लगा दिया है। युकां प्रदेश सचिव विक्रम नेगी ने कहा कि मतदान तक युकां कार्यकर्ता क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे। इस दौरान जमाल, संजय सिंह, नवीन मिश्रा,दीपेश, अकरम अली, बलबीर सिंह ,हनीफ हयात मौजूद थे।
छात्र संघ चुनाव में शक्ति प्रदर्शन के दौरान आर्यन छात्र संगठन और एनएसयूआई के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दरअसल जुलूस को लेकर मामूली विवाद हो गया था। नारेबाजी होने पर दोनो गुट आपस में भिड़ गए। हालांकि बाद में दोनो संगठनों के उम्मीदवारों के समर्थकों ने जुलूस निकाला।
फोटो :----------
कालेज और पुलिस प्रशासन ने की बैठक
डोईवाला। छात्र संघ चुनाव को लेकर मंगलवार को कालेज और पुलिस प्रशासन ने उम्मीदवारों के साथ बैठक कर चर्चा कर चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कहा। कालेज प्राचार्य डा. एमसी नैनवाल ने उम्मीदवारों को मतदाता सूची, मतपत्र नमूना, मतदान और मतगणना के बारे में जानकारी दी। चीफ प्रोक्टर डा. केएल तलवाड ने बताया कि छात्र छात्राएं मतदान के लिए 30 अगस्त तक कालेज से परिचय पत्र प्राप्त कर लें। बताया कि बुधवार को मतदान और मतगणना अभिकर्ताओं के नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। इस दौरान जौलीग्रांट पुलिस चौकी प्रभारी मंजुल रावत आदि मौजूद रहे।
आखिर उम्मीदवारों को जारी हुई मतदाता सूची
डोईवाला। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कालेज डोईवाला छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर आखिरकार उम्मीदवारों को कालेज प्रशासन ने मतदाता सूची उपलब्ध करवा दी है, जिसके बाद प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली है। मतदाता सूूची न मिलने से छात्र संघ उम्मीदवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। डोईवाला महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में बिना मतदाता सूची के उम्मीदवारों को प्रचार में आ रही दिक्कतों की ओर अमर उजाला ने मंगलवार को समस्या को उजागर किया था। खबर का संज्ञान लेकर कालेज प्राचार्य डा. एमसी नैनवाल के निर्देश पर उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क लेकर मतदाता सूची उपलब्ध करा दी, जिसके बाद उम्मीदवारों ने प्रचार को तेज कर दिया।
पांच बूथों पर होगा मतदान
डोईवाला महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव के मतदान के लिए कालेज प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। मतदान पांच कक्षों में किया जाएगा। कालेज प्राचार्य डा. एमसी नैनवाल ने बताया कि बूथ संख्या एक टीन शेड में बीए प्रथम सेमेस्टर छात्र और बीएससी प्रथम सेमेस्टर के सभी छात्र, बूथ संख्या दो टीन शेड में बीए तृतीय सेमेस्टर, बीकॉम तृतीय, एमए तृतीय सेमेस्टर और बीएससी तृतीय सेमेस्टर छात्र मतदान करेंगे। बूथ संख्या तीन टीनशेड में बीएससी पांचवा सेमेस्टर, बीकॉम प्रथम सेमेस्टर, बीकॉम पांचवां सेमेस्टर, एमए प्रथम सेेमेस्टर, बूथ संख्या चार कक्ष संख्या दस बीए तृतीय सेमेस्टर छात्र, बीएससी तृतीय छात्राएं, बीए पांचवां सेमेस्टर जबकि बूथ संख्या पांच प्रथम तल विज्ञान ब्लाक में बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्राएं मतदान करेगी।
फोटो :-----------
छात्रसंघ के पास सिर ढकने को नहीं जगह
डोईवाला। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कालेज डोईवाला छात्र संघ चुनाव में उतरे उम्मीदवारों के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता में कॉलेज परिसर में आधे-अधूरे बने छात्र संघ भवन को पूरा करवाने की होगी। छह सालों से छात्र संघ का भवन अपने निर्माण का इंतजार कर रहा है। डोईवाला महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव में उम्मीदवार छात्र समस्याओं के निदान के बडे़-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन जिस स्थान पर बैठकर उन्हें इसे अंजाम देना है, वह भवन बदहाल स्थिति में है। साल 2012 में विधानसभा परिसीमन से पूर्व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि से छात्र संघ भवन के निर्माण के लिए धनराशि मुहैया कराई थी। लेकिन धनराशि पर्याप्त नहीं होने से भवन आधा ही तैयार हो पाया है। उसके बाद छात्र संघ में आने वाले पदाधिकारियों ने ठोस प्रयास नहीं किए । जिससे अधूरा छात्र संघ भवन के आसपास झाड़ियां उग आई हैं। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि उनके कार्यकाल में भवन के लिए स्थान चिह्नित किया गया था। छात्र संघ में आने वाले पदाधिकारियों को छात्र संघ भवन का निर्माण पूरा कराने के लिए गंभीरता से प्रयास करना चाहिए।
फोटो :---------------
छात्राएं ही लगाएगी प्रत्याशियों की नैय्या पार
-- कालेज छात्र-छात्राओं को छात्रसंघ से कई अपेक्षाएं
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कालेज डोईवाला छात्र संघ चुनाव में 70 प्रतिशत छात्रा जबकि 30 प्रतिशत छात्र मतदाता हैं। छात्रा मतदाताओं के रुख पर छात्र संघ के उम्मीदवारों का भाग्य निर्भर है। कालेज में पहली बार छात्र संघ चुनाव के लिए मत देने के लिए तैयार हुई छात्राओं ने महाविद्यालय में सशक्त छात्र संघ गठन पर जोर दिया है। छात्रा बाहुल्य डोईवाला कालेज में छात्र संघ चुनाव में उतरे प्रत्याशी भी इन पर फोकस कर रहे हैं। नए छात्र-छात्रा मतदाताओं से चुनावी चर्चा करने पर एक स्वर में सभी ने भ्रष्टाचार मुक्त छात्र संघ बनने की वकालत की है। छात्राओं को मानना है कि छात्र संघ को मजबूत बनाने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त होना चाहिए। महाविद्यालय में प्रवेश लेने के शुरूआती दिनों में ही छात्र संघ चुनाव को देख रही छात्राएं उम्मीदवारों में छात्र हितों के लिए संघर्ष करने वाले की छवि तलाश रही है।
इस बार तीन फोल्ड वाला होगा मतपत्र
डोईवाला। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कालेज डोईवाला छात्र संघ चुनाव के लिए इस बार मतदाताओं को तीन फोल्ड वाला मतपत्र मिलेगा। छात्र संघ चुनाव में अधिक उम्मीदवारों के कारण तीन फोल्ड को मतपत्र तैयार किया गया है। डोईवाला महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए इस बार विभिन्न पदों समेत कार्यकारिणी सदस्यों के पद के लिए 40 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव में मतदान के लिए कालेज प्रशासन ने इस बार तीन फोल्ड वाला मतपत्र तैयार किया है। अधिक उम्मीदवारों के कारण बैलेट पेपर की लंबाई अधिक होने से छपाई में दिक्कतें आ रही थी। लिहाजा तीन फोल्ड वाला मतपत्र तैयार किया गया है। कालेज प्राचार्य डा. एससी नैनवाल ने उम्मीदवारों को मतपत्र का नमूना दिखाया है।
परिषद के प्रत्याशियों ने कराया नामांकन
ऋषिकेश । धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर के छात्रसंघ चुनाव के लिए एबीवीपी के सभी अधिकृत प्रत्याशियों ने नामांकन किया। परिषद् के जिला संयोजक विनोद चौहान ने बताया कि सहसचिव पद पर सूरज शर्मा को प्रत्याशी बनाने की घोषणा कर दी गई है। बताया कि परिषद् के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, सहसचिव, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और छात्रा प्रतिनिधि के पद पर अधिकृत प्रत्याशियों का नामांकन करा दिया गया है।
कालेज में अनुशासित भाव से काम करने वाले छात्र संघ की जरूरत है। महाविद्यालय स्तर पर छात्र छात्राओं को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। अनुशासित छात्र संघ ही समस्या निदान और महाविद्यालय की बेहतरी में योगदान दे सकता है।
- सौम्य बहुगुणा।
छात्र संघ अपने कामों से बदलाव ला सके, ऐसे छात्र संघ की दरकार है। कालेज के विकास के साथ छात्र समुदाय की ज्वलंत समस्याओं पर ध्यान रखने वाला छात्र संघ ही छात्रहित में काम कर सकता है। मजबूत छात्र संघ के लिए जिम्मेदार लोगों को मौका मिलना चाहिए।
- हैप्पी कौर।
केवल चुनाव लड़कर स्वार्थ पूरा करने वाले छात्रसंघ में नहीं आने चाहिए। बल्कि छात्रों के लिए जिम्मेदारी के भाव से काम करने वाले पदाधिकारी ही कुछ बेहतर कर सकते है। छात्र संघ की सशक्तता के लिए संघर्षशील पदाधिकारी छात्र संघ को मिलने चाहिए।
- दिव्यांशी वर्मा।